बड़े काम का है इश्क



बड़े काम का है इश्क


इश्क। एक सुकून जो मन पर टपकता है। जलते हुए मन पर पानी सा। मन की यह खोज हमें पता नहीं होती और अचानक जब ये खत्म होती है, तो आप महसूस कर रहे होते हैं कुछ भाप बनकर उड़ रहा है। एक गम, जिसे आप बुझता हुआ महसूस करते हैं। मन पर तेजी से एक राहत झर रही होती है। अंदर एक चुप, एक खामोशी खत्म होती है। मन में एक सन्नाटा टूटता है। एक ठंडी हवा सा झोंका गम की पिघलन से आपको छुड़ाता है। 
आपके इर्द-गिर्द एक सुकूनी घेरा बनता है। अब गमों को बार-बार खाली हाथ लौटना पड़ता है। पलकें ढलती हैं। आंखों में हसीन सपने तैरने लगते हैं। होठों पर तन्हा उम्मीदें मुस्कुरा उठती हैं। मन ठहाकों से खनकता है, लेकिन बिना शोर के। एक ऐसा एहसास जिसे आप इश्क या कुछ भी कह लें। 
अंदर होती है क्रांति
आपके अन्दर बहुत कुछ टूटना-फूटना शुरू होता है। अंदर एक शांत क्रांति होती है, जिसमें आप फिर से बनते हैं, आपका फिर से निर्माण होता है। आप फिर से तराशे जाते हैं। आपके अंदर का इंसान खूबसूरत आकार लेने लगता है।  हां, गम, गुस्सा और आंसू प्यार के स्थाई भाव हैं। यहां दाखिल होने से पहले इसे झेलने की पूरी तैयारी कर लें लेकिन घबराएं नहीं, प्यार इससे भी निपटने की खुद-ब-खुद ताकत देता है। यह एक ऐसा खूबसूरत दर्द है जिसे आप बढ़ाना चाहते हैं। ग़म जब तूफान की शक्ल ले ले तो ये ताकत चट्टान बन जाती है। 
प्यार बड़ी तमीज देता है
प्यार बड़ी तमीज़ देता है। जीने का सलीका सिखाता है। आपका खालीपन भरता है। आप खुद को पूरा होता पाते हैं। प्यार से पैदा होता हर एहसास आपके खूबसूरत निखार में लगा होता है। बहुत कुछ बिखरा-बिखरा, टूटा-फूटा जुड़ने लगता है। एक बिखराव झेलने से आप आजाद होते हैं। दुनिया की हर सै तुम्हारे लिए बनी लगने लगती है।  आप जिंदगी की खूबसूरती से रू-ब-रू होते हैं। 
इश्क बर्बाद नहीं करता
इश्क कभी बर्बाद नहीं करता, बल्कि आपका हर काम खूबसूरत अंजाम पाने लगता है। एक ऐसी ट्रेनिंग, जिसमें आपकी जिंदगी संवरती है, सुलझती है। खुद को खोज लेते हैं आप। आप अपने अन्दर एक ऐसे इन्सान से मिलते हैं, जिससे अकेले मिलना अब तक मुनासिब ना था। आपकी ढेरों गुम खूबियों को खोज निकालता है, इश्क। 
आप खुद को सफल होता पाते हैं। एक नए रूप में परिभाषित होते हैं आप। 

जिन्दगी में ताजी आशाएं उगती हैं। विस्थापन रुकता है। आप पहले से ज्यादा जिन्दगी को प्यार करने लगते हैं। खुद पर पहले से ज्यादा भरोसा बढ़ता है। जिन्दगी खूबसूरत तोहफा लगने लगती है, जिसे आप कभी गंवाना नहीं चाहते। मुश्किलें भी खुशी देने लगती हैं। मुश्किलों के लिए अब आप अकेले नहीं होते। 

मन से जंगीली परतें हटती हैं। एक अंधेरा मिटता है। आप पा रहे होते हैं एक सुबह, अपने अन्दर। कई सूरज, कई तारे आपके मन के आकाश में टिमटिमाने लगते हैं। अपने अन्दर एक खास एहसासों से मिलते हैं आप। बहुत कुछ गुम था आपके अन्दर पर, उनसे मिलने के एहसास ना थे आप में। आप नहीं जान पाते कि एक साथ आप बहुत कुछ दे और ले रहे हैं। एक साथ खोना-पाना दोनों तरफ से जारी होता है। इसमें ना कोई हारता है और ना कोई जीतता है। ये सब पूरी बराबरी और सम्मान के साथ होता है। हार और जीत मिथ बनती है। 

शुक्रिया मेरे दोस्त तूने जिंदगी को खूबसूरती से भिगो दिया। जिंदगी से बेइंतहा मोहब्बत सिखा दिया। काश, हर कदम को तुम्हारी ताल मिलती! 


टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

तमाशाई बदसलूकी